बीसलपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में सोमवार से 30 दिवसीय संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इस संंबंध में सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. लेखराज गंगवार ने बताया कि सोमवार को सुबह 10 बजे से स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो जाएगा। इसके लिए 25 टीमें लगाई गई हैं। टीमों को प्रशिक्षण दे दिया गया है। टीम के लोग घर- घर जाकर लोगों का संचारी रोगों की पहचान बताएगें। इस कार्य में बेसिक विद्यालयों के शिक्षकों का भी सहयोग लिया जाएगा।
शिक्षकों से इस संबंध में पूर्व में ही वार्ता हो चुकी है। सीएमओ डॉ. आलोक द्वारा अधिकृत अधिकारी मौके पर जाकर अभियान का सत्यापन करेंगे। अभियान की दैनिक रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय भेजी जाएगी। अभियान सफल बनाने के संबंध में सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान में शिथिलता बरतने वाले कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान 30 जुलाई तक चलेगा।