बिजली उपकरणों के सत्यापन को लेकर हंगामा
नगर पालिका बोर्ड बैठक में खरीदे गए बिजली उपकरणों के सत्यापन को लेकर सदस्यों ने जमकर शोर शराबा किया। तय हुआ कि अब सत्यापन बोर्ड सदस्यों द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा बैठक में नए ठेकेदारों का पंजीकरण न करने समेत अन्य प्रस्ताव पास हुए। नगर पालिका सभागार में शनिवार को अध्यक्ष प्रभात जायसवाल की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक हुई। सदस्यों ने सफाई व्यवस्था पर रोष जताते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। इस पर अध्यक्ष ने दोनों शिफ्टों में सफाई होने की बात कही। पुष्पा उपाध्याय ने गौहनिया चौैराहे से माधोटांडा रोड की ओर जाने वाले नाले को खुदवाने की मांग की। कुश कुमार ने ईओ से खरीदे गए बिजली उपकरणों को किस शासनादेश के मुताबिक सत्यापन किसी अन्य विभाग के अधिकारी से कराने की बात पूछी। उनका कहना था कि सत्यापन विभाग द्वारा ही कहा जाए और यदि कहीं इसका कोई जीओ है तो इसे सामने लाया जाए। इसको लेकर अन्य सदस्यों ने भी जमकर हंगामा किया। तय हुआ कि अब उपकरणों का सत्यापन बोर्ड सदस्यों द्वारा किया जाएगा। बैठक में नए ठेकेदारों के पंजीकरण को लेकर भी सहमति नहीं बनी। बताया गया कि पालिका में पहले से ही 40 ठेकेदार पंजीकृत हैं। लिहाजा नए ठेकेदारों के पंजीकरण को लेकर अनुमोदन नहीं हो सका। सदस्य सुभाष सोनकर ने वार्ड में विकास कार्य न कराने का आरोप लगाया। जिस पर अध्यक्ष ने बताया कि उनके वार्ड में नौ सड़कों व दो पुलियों को निर्माण कराया जा चुका है। बरसात को दृष्टिगत रखते हुए नाला सफाई का टेंडर जल्द आमंत्रित करने की बात कही गई। बैठक में अमृत योजना के तहत ई-गर्वनेंस के अंतर्गत 11 साफ्टवेयर तैयार करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई। देवी सिंह ने शहर के चौराहों पर लगी लाइटों के ठप होने की जानकारी देने के साथ इन्हें जल्द दुरुस्त कराने की बात कही। वहीं स्लाटर हाउस पर वैकल्पिक व्यवस्था कराने को लेकर भी सदस्यों में आम राय नहीं बन सकी। संचालन संतोष कुमार ने किया। इस मौके पर ईओ वीपी सिंह, जेई दिनेश राजपूत, सोमपाल, कर निर्धारण अधिकारी नर सिंह राणा, सदस्य मंजू जायसवाल, उमा मिश्रा, गंगादेवी, नीतू अवस्थी, कंचन सक्सेना, वेदप्रकाश, इकबाल हजरत, गोकुल प्रसाद मौर्य, मनोज कुमार, महेंद्र कुमार समेत पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।