पीलीभीत। जिले की आठ ग्राम पंचायतों में बने पंचायत भवनों में जल्द ही कॉमन सर्विस सेंटर संचालित होंगे। यहां पर अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए एडीओ की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के बाद धनराशि भेज दी गई है।
जिले की सभी 720 ग्राम पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर संचालित हो रहे हैं। इसमें कुछ पंचायत भवन ऐसे थे जहां पर यह सेवा नहीं चल पा रही थी। कारण था कि वहां पर पंचायत भवन में मात्र दो ही कक्ष थे। ऐसी पंचायतों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने एडीओ और सचिव से प्रस्ताव मांगे थे।
कहा गया था कि जल्द ही प्रस्ताव भेजा जाए ताकि अतिरिक्त कक्ष को बनवाकर सेवा को शुरू कराया जा सके। डीपीआरओ के पत्र के बाद सहायक विकास अधिकारी और सचिवों ने प्रस्ताव बनाकर भेजा था। प्रस्ताव पर डीपीआरओ की ओर से पंचायत के खातों में प्रति पांच लाख रुपये की धनराशि भेज दी है। निर्देश है कि जल्द ही कक्ष का निर्माण कराया जाए।
इन पंचायतों के लिए जारी हुई धनराशि
जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से पंचायत भवनों में अतिरिक्त कक्ष के लिए बीसलपुर ब्लॉक के गांव कासिमपुर, कितनापुर, नगरिया फतेपुर, सफोरा, उगनपुर मरौरी, ललौरीखेड़ा के खेड़ा, बरखेड़ा के नगरा फिजा, जोगीठेर शामिल हैं।
सुल्तानपुर गांव में खुलेगा पंचायत लर्निंग सेंटर
पंचायत लर्निंग सेंटर को संचालित करने का भी प्रस्ताव मांगा गया था। इसके तहत अब तक पूरनपुर ब्लॉक के गांव सुल्तानपुर का प्रस्ताव आया है। यहां के लिए सात लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। इसके अलावा सिमरा तालुके महराजपुर में नया पंचायतघर बनाने के लिए भी धनराशि जारी की गई है।
आठ ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों में दो कक्ष थे। यहां पर कॉमन सर्विस सेंटर संचालन के लिए अतिरिक्त कक्ष के लिए प्रस्ताव मांगा गया था। प्रस्ताव आने के बाद धनराशि जारी की गई है।
- सतीश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी