पीलीभीत। बेसमेंट को लेकर हुई जांच के बाद जारी किए गए नोटिस का अब तक किसी ने जवाब दाखिल नहीं किया है। इसको लेकर ऐसे लोगों पर अब प्रशासन कार्रवाई की तैयारी में है।
दिल्ली के एक कोचिंग सेंटर में बेसमेंट में हुई घटना के बाद जिले में भी इसकी पड़ताल के लिए टीम का गठन किया गया था। टीम की ओर से जांच के बाद शहर के दस ऐसे संस्थान और अस्पताल पाए गए थे जहां बेसमेंट में खामियां मिलीं थी। ऐसे में सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर की ओर से गायत्री हॉस्पिटल, निर्मल होटल, एसएस अस्पताल, मीनार बार, टीवीएस बाइक एजेंसी, सर्वोत्तम कलेक्शन, तारा टॉवर, हनदान नेत्रालय, एब्सोल्यूट जिम और अनुज नर्सिंग होम को नोटिस जारी किया था।
कहा गया था कि नोटिस का सात दिनों के भीतर जवाब दिया जाए। बावजूद इसके तय समय के बाद भी किसी ने जवाब नहीं दिया। ऐसे में इन लोगों पर अब प्रशासन कार्रवाई की तैयारी में हैं।
दस लोगों को नोटिस जारी किया गया था। सभी को सात दिनों में जवाब देने के निर्देश थे। किसी का भी जवाब नहीं आया है। ऐसे में अब आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- विजयवर्धन तोमर, सिटी मजिस्ट्रेट