मंडलायुक्त प्रमांशु कुमार ने कलेक्ट्रेट और समग्र गांव का निरीक्षण किया।
समग्र गांव में विकास कार्यों का सत्यापन कर उन्होंने विद्युत कनेक्शन कम
होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता से कैंप लगाकर कनेक्शन
बढ़वाने के निर्देश दिए।
दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को मंडलायुक्त
पीलीभीत पीलीभीत पहुंचे। सबसे पहले वह बरेली मार्ग पर जतीपुर पहुंचे और
कृषक मृदुल अग्रवाल के फार्म पर लगे दो किलोवॉट के सोलरपंप का निरीक्षण
किया। उन्होंने किसान से इसके बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद वह
कलेक्ट्रेट पहुंचे और नजारत, शस्त्र कार्यालय, संयुक्त कार्यालय, राजस्व
अभिलेखागार का निरीक्षण किया। रिकार्ड रूम में एग्जास्ट फैन लगाने और आग से
बचाव की व्यवस्थाएं कराने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम कार्यालय में
बैठकर अभिलेखों का निरीक्षण किया। कलेक्ट्रेट के निरीक्षण के बाद शहर से
सटे लोहिया समग्र गांव बक्शपुर पहुंचे। यहां उन्होंने चौपाल लगाकर
ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों ने अपने विभाग की प्रगति
रिपोर्ट प्रस्तुत की। गांव में 178 परिवारों के सापेक्ष मात्र 62 विद्युत
कनेक्शन होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता पंकज
अग्रवाल एवं प्रधान से मिलकर कनेक्शन बढ़वाने और इसके लिए आवश्यक होने पर
कैंप लगाने के निर्देश दिए। गांव में शौचालय की स्थिति, गुणवत्ता और उनके
प्रयोग की जांच के लिए डीएम से टीम बनाकर जांच कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि सरकार विकास के लिए
तमाम योजनाएं लागू कर रहती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की इन सुविधाओं का
लाभ उठाने के साथ ही हम सब भी समाज के प्रति जिम्मेदारी है कि अपने
कर्तव्यों का निर्वहन करें। निरीक्षण के दौरान डीएम ओएन सिंह, एडीएम आलोक
सिंह, सीडीओ इंद्रादेव द्विवेदी, उपनिदेशक कृषि एके सिंह, डीडीओ एके सिंह
चंद्रौल, पीडी आरबी भास्कर, उपायुक्त मनरेगा डॉ. शिवाकांत द्विवेदी,
डीपीआरओ बीपी सक्सेना, तहसीलदार इंद्राकांत द्विवेदी, सीओ सिटी कौशलेंद्र
सिंह पुंडीर सहित कई अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।