जीएसटी को लेकर व्यापारियों को कई दिक्कतें आ रही है। इन्हें दूर करने के लिए वाणिज्य कर विभाग ने हेल्प डेस्क शुरू की है। डेस्क पर सुबह आठ से शाम आठ बजे तक समस्याएं दर्ज कराकर निराकरण कराया जा सकता है। एक जुलाई से देश में सेवा एवं वस्तु कर (जीएसटी) लागू हो रहा है। इसको लेकर व्यापारियों को पंजीकरण कराने सहित कई समस्याएं आ रही है। व्यापारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए शासन के निर्देश पर वाणिज्य कर विभाग में हेल्प डेस्क शुरू की गई है। हेल्प डेस्क प्रभारी असिस्टेंट कमिश्नर असित कुमार मिश्रा ने बताया कि इसके लिए दो शिफ्टों में अधिकारियों व स्टाफ को तैनात किया गया है। सुबह आठ से अपराह्न दो बजे तक वह स्वयं हेल्प डेस्क पर रहेंगे। उनके अलावा सीटीओ देवेश पांडेय एवं स्टाफ के सौरव कुमार को लगाया गया है। इसी प्रकार अपराह्न दो बजे से शाम आठ बजे तक असिस्टेंट कमिश्नर जितेंद्र कुमार गुप्ता, सीटीओ योगेंद्र सिंह दीपक पटेल को लगाया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों शिफ्टों में संबंधित के फोन पर संपर्क कर समस्याओं का निराकरण कराया जा सकता है। इसमें पंजीकरण संबंधी समस्या के लिए असिस्टेेंट कमिश्नर एवं तकनीकी समस्याओं के लिए सीटीओ व स्टाफ के फोन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।