हाईवे पर बाइकों की भिड़ंत, एक की मौत
असम हाईवे पर गोरा रायपुर मोड़ पर दो बाइकों की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में ईद की मिठाई देने केसरपुर गांव आ रहे खुटार (शाहजहांपुर) के ग्राम रूझाहा खुर्द निवासी इमरान (28) की मौत हो गई। उसके भाई को भी काफी चोटें आई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। घायल को इलाज के लिए सीएचसी भर्ती कराया है। खुटार (शाहजहांपुर) के ग्राम रुझाहा खुर्द निवासी इमरान (28) पुत्र लियाकत अली सोमवार को ईद के मौके पर केसरपुर गांव में मिठाई देने अपने भाई गुफरान (22) के साथ आ रहा था। असम हाईवे पर सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में गोरा रायपुर मोड़ पर मोड़ते ही सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गए। हादसे में इमरान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गुफरान गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक अपनी बाइक लेकर भाग निकले। इसकी सूचना मिलने पर सेहरामऊ पुलिस मौके पर पहुंची। शव कब्जे में लेकर घायल को सीएचसी भर्ती कराया गया। घायल से जानकारी कर पुलिस ने परिवारीजनों को हादसे की सूचना देकर बुला लिया। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक इमरान सात भाईयों में चौथे नंबर का था।