पीलीभीत। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मंगलवार सुबह आठ बजे अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से जिला अस्पताल के राजकीय ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शहीदों के सम्मान में आयोजित यह शिविर शाम चार बजे तक चलेगा। रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाने के लिए 9.30 बजे जिलाधिकारी पहुंचेंगे।
महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अनीता चौरसिया और जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश कुमार चौधरी ने ड्रमंड कॉलेज के मैदान में पहुंचकर युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। डीआईओएस ने इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों से रक्तदान में भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। युवाओं ने कहा कि सैनिकों के सम्मान में वे भी रक्तदान करेंगे, आप भी कीजिए। बीएसए अमित कुमार ने कहा कि परिषदीय शिक्षक भी रक्तदान में बढ़चढ़कर भाग लें।
एसएसबी कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी ने कहा कि रक्तदान महादान है। इसमें भागीदारी करें और पुण्य कमाएं।
हाफिज रहमत खां लॉ कॉलेज में रक्तदान के महत्व पर संगोष्ठी हुई। रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य अमिताभ अग्निहोत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वह 57 बार रक्तदान कर चुके हैं। रक्तदान करने से कमजोरी नहीं आती है, बल्कि शरीर में स्फूर्ति बढ़ती है। इसलिए रक्तदान करें। जीशान अली, मोहम्मद फैजान, रियांशु, कुमार अभिषेक, आलोक त्रिवेदी, अदिति सिंह, कपिल कुमार, रजा खां ने कहा- वे सभी रक्तदान में भागीदारी करेंगे। इस दौरान मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद हसन, विनीत, अमिता अवस्थी और नरगिस आदि शिक्षकों ने भी छात्र-छात्राओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।