पीलीभीत। शहर में ब्रह्मचारी घाट के पास बिना पंजीकरण संचालित कोल्ड स्टोरेज पर जुर्माना लगेगा। प्रशासन ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। इस मामले में सिटी मजिस्ट्रेट ने मंडी सचिव से रिपोर्ट मांगी है। उधर, डीएम ने कोल्ड स्टोरेज में रखे आलू के बोरे निकलवाने का निर्देश दिया है।
करीब एक सप्ताह पहले जिला उद्यान अधिकारी ने अग्रवाल कोल्ड स्टोरेज एंड आइस फैक्टरी में छापा मारा था। कोल्ड स्टोरेज बिना पंजीकरण संचालित मिला। अन्य मानक भी अधूरे मिले। उद्यान अधिकारी ने संचालक को नोटिस देकर जवाब मांगा था। डीएम ने कोल्ड स्टोरेज का संचालन रुकवाते हुए यहां रखे आलू को किसानों की सहमति से दूसरे सुरक्षित कोल्ड स्टोरेज में रखने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मंडी सचिव ने भी जांच कराई। इसमें कमी सामने आई। जिला उद्यान अधिकारी मृत्युंजय सिंह ने संचालक आशीष अग्रवाल को भेजे नोटिस का जवाब संतुष्टिजनक नहीं पाया है। मंडी के सभापति/ सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने मंडी सचिव प्रवीण कुमार अवस्थी से रिपोर्ट मांगी और जुर्माना लगाने को कहा है। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज का संचालन रुकवा दिया गया है। जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। संवाद