सफाई मजदूर महासंघ नगर पालिका परिषद में संविदा व नियुक्तियों की मांग को लेकर 12 सितंबर को धरना प्रदर्शन करेगा। यह निर्णय सफाई मजदूर महासंघ की बैठक में लिया गया।
शहर के नकटादाना चौराहा स्थित जिला कार्यालय मेें मंगलवार को हुई बैठक में जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि ने कहा कि नगर पालिका में वर्ष 1970 के हेल्थ मैनुअल के मुताबिक 338 पद सृजित है। वर्तमान में करीब 126 सफाई कर्मियों के पद रिक्त चल रहे हैं। कहा कि अब शहर की आबादी बढ़चढ़कर करीब सवा दो लाख हो चुकी है। ऐसे में 634 सफाई कर्मचारी होने चाहिए, लेकिन वर्तमान में मात्र 148 सफाई कर्मचारियों से ही सफाई कार्य कराया जा रहा है। बैकलाग के 65 कर्मचारी भी सफाई का कार्य नहीं कर रहे हैं। जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराती जा रही है। सफाई कर्मचारियों की भर्ती की मांग को लेकर 12 सितंबर को नगरपालिका परिषद परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। सदस्य वेदप्रकाश ने कहा कि पालिका मानक से कम सफाई कर्मियों से सफाई कराकर उनका शारीरिक शोषण कर रहा है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी सफाई कर्मियों से होने वाले धरना प्रदर्शन में शामिन होने की अपील की।
इस मौके पर शाखा अध्यक्ष जग्गोदेवी, मुकेश बाल्मीकि, अजय बाल्मीकि, थान सिंह, प्यारेलाल, विजयपाल, दिनेश बाल्मीकि, जसवंत सिंह, शेखर, मीरा देवी, अजय छैला, जयंती देवी, नूरबानो, मुलायम सिंह आदि मौजूद रहे।