पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के शेरगंज खुर्द गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में धारदार हथियारों से प्रहार करने से दोनों ओर से लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना 14 मार्च की रात करीब आठ बजे की है। एक पक्ष की ओर से गांव निवासी आनंद कुमार ने गजरौला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गांव के ही सत्यपाल और विजयपाल ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर जान से मारने की नियत से बांके से हमला कर दिया, इससे वह घायल हो गया।
दूसरे पक्ष ने लगाया ये आरोप
दूसरे पक्ष की ओर से पूनम पत्नी सत्यपाल ने भी थाना गजरौला में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गांव के परशुराम पुत्र रोशन लाल और आनंद कुमार सहित पांच लोगों ने उसके घर में घुसकर उसके पति सत्यपाल के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोपियों ने उसके पति के सिर पर बांके से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसे खींचकर अपने घर ले गए।
आरोप है कि उसके पति को घर में बंधक बना लिया, जिसे बाद में गांव वालों के हस्तक्षेप से छुड़ाया जा सका। घटना के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराया गया है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में आगे की कार्रवाई पर अमल किया जा रहा है।