पीलीभीत। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने पिपरिया अगरु में आवंटित भूखंड पर अब तक उद्योग स्थापित न होने पर भूखंड आवंटन को निरस्त कर दिया। उपायुक्त को नए लोगों को भूमि आवंटन करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा बीसलपुर, जहानाबाद और ललौरीखेडा में भी आवंटन निरस्त किए गए हैं।
गोमती सभागार में आयोजित जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं वाणिज्य बंधु की बैठक के दौरान मिनी औद्योगिक आस्थान पिपरिया अगरू के भूखंड को लेकर उपायुक्त उद्योग ने बताया कि एकमुश्त 17 प्लाटों का आवंटन किया गया था। आवटंन होने के बाद भी आज तक कोई इकाई स्थापित नहीं की गई। इस पर जिलाधिकारी ने पिपरिया अगरू के भूखंडों के आवंटन को निरस्त कर दिया। इसी प्रकार बीसलपुर, जहानाबाद एवं ललौरीखेड़ा के भी कुछ भूखंड आवंटन निरस्त किए गए।
उपायुक्त को नए उद्यमियों को भूखंड को आवंटित करने के निर्देश दिए। एडीएम वित्त एवं राजस्व को लैंड बैंक तैयार करने को कहा गया। इसके अलावा व्यापारियों की समस्याओं को सुनकर नगर पालिका को समय से साफ सफाई कराने और कूड़ा उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, उपायुक्त उद्योग, अधिशासी अभियन्ता विद्युत, अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभग, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।