पूरनपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना में चल रहे सत्यापन में लापरवाही करना, बगैर सूचना दिए मुख्यालय छोड़कर घर जाना लेखपाल को मंहगा पड़ गया। एसडीएम ने लेखपाल सुखलाल को निलंबित कर दिया। लापरवाही करने वाले अन्य लेखपालों को निर्धारित समय में काम निपटाने की चेतावनी दी है।
किसानों की आर्थिक परेशानी दूर करने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना 2019 से चल रही है। इसमें एक साल में किसानों के खातों में दो-दो हजार रुपये तीन बार भेजे जा रहे है। योजना को पारदर्शी बनाने के लिए सत्यापन के बाद पोर्टल पर डाटा अपलोड किया जा रहा है। सत्यापन 15 सितंबर तक पूरा करना है। एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने बताया कि किसान सम्मान निधि के सत्यापन कार्य में लेखपाल सुखलाल ने लापरवाही की। इसके अलावा बगैर सूचना के मुख्यालय छोड़कर अपने घर बीसलपुर चला गया। इस पर लेखपाल सुखलाल को निलंबित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि कुछ अन्य लेखपालों का काम भी पिछड़ा मिला। इस पर लेखपालों को समय से काम निपटाने की चेतावनी दी गई है।