पूरनपुर। पैगंबर ए इस्लाम के खिलाफ बयानबाजी करने वाले के विरोध में उलमा और अन्य मुस्लिम लोगों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन देकर विवादित बयान देने वाले पर कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को उलमा और कई मुस्लिम युवकों ने तहरीक मिन्हाजें मुस्तफा, टीटीएस ग्रुप के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। पैगंबर ए इस्लाम के खिलाफ की गई बयानबाजी के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अलग-अलग ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में दिए। ज्ञापन में कहा गया कि इस्लाम तौहीन मुसलमान बर्दाश्त नहीं करता है। कुछ दिन पहले वसीम रिजवी ने कुरान की आयातों पर टिप्पणी की थी। अब नरसिम्हा नंद ने पैगंबर ए इस्लाम पर टिप्पणी की है। इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। ज्ञापन में टिप्पणी करने वाले रिपोर्ट दर्ज कराने, उसे आतंकवादी की श्रेणी में रखने और फांसी की सजा की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में हाफिज नूर अहमद रजा अजहरी, हाफिज शरीफ खां, जावेद रजा, दिलशाद रजा आदि थे। इसके अलावा मौलाना फजले अहमन नूरी के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने भी टिप्पणी पर रोष व्यक्त कर आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। कोरोना महामारी के चलते और धारा 144 लागू होने पर भारी भीड़ पर कोतवाल सुनील शर्मा ने नाराजगी भी व्यक्त की।