बरखेड़ा (पीलीभीत)। गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली चीनी मिल में तेज गति से प्रवेश करने के दौरान चीनी मिल के गार्ड और किसान में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। पहले दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। काफी देर तक हंगामा भी चलता रहा। मगर बाद में आपस में सुलह कर कार्रवाई से इनकार कर दिया।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ज्योराह कल्यानपुर गांव निवासी राहुल शर्मा ने बताया कि रविवार को वह ट्रैक्टर ट्रॉली में गन्ना लेकर नोबेल शुगर मिल गए थे। चीनी मिल के बाहर वह अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। सोमवार सुबह नंबर आने पर ट्रैक्टर स्टार्ट नहीं हो रहा था। इस पर अन्य किसानों से मदद लेते हुए धक्का लगवाकर ट्रैक्टर स्टार्ट किया। इस दौरान ट्रैक्टर तेजी से चीनी मिल में घुसा। हालांकि उन्होंने उसे नियंत्रित कर लिया था। आरोप लगाया कि इसी बात पर फैक्टरी के गार्ड देवीप्रसाद ने गाली गलौज कर रोक लिया और विरोध करने पर अन्य साथियों को बुलाकर पिटाई कर दी। उन्होंने सूचना देकर अपने भाई अखिलेश को बुलाया तो उसकी भी पिटाई कर दी गई। उधर गार्ड का आरोप था कि तेजी से ट्रैक्टर लेकर घुसने पर धीमी गति से चलाने को कहा गया था। इसी बात पर झगड़ा करते हुए भाई को बुलाकर उनके साथ पिटाई की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले आई। इंस्पेक्टर वीरेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच ट्रैक्टर तेज गति से प्रवेश कराने को लेकर विवाद हो गया था। दोनों पक्षों ने बातचीत के बाद आपसी सुलह कर ली है। इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।