पीलीभीत। एक रक्तदान, बचाए चार की जान। जिले के स्वैच्छिक रक्तदाता इसी स्लोगन को चरितार्थ कर अब तक कईयों की टूटती सांसों को जोड़ने का कार्य करते आ रहे हैं, लेकिन दुलर्भ ब्लड ग्रुप की किल्लत अक्सर जरुरतमंदों को लाचार बना देती है। इस कमी को पूरा करने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक अक्तूबर को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
जनपद की इकलौती सरकारी ब्लड बैंक अधिकांशत: स्वैच्छिक रक्तदानियों के दम पर ही जरुरतमंदों को रक्त मुहैय्या कराता है, लेकिन कभी कभार यहां भी दुलर्भ ब्लड ग्रुप की कमी हो जाती है। अमर उजाला फाउंडेशन ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से इसी कमी को पूरा करने के लिए एक अक्तूबर को रक्तदान शिविर का आयोजन करने की पहल की है। शिविर को लेकर रक्तदानियों में खासा उत्साह देखा गया। रविवार को भी कई लोगों ने अमर उजाला कार्यालय में दूरभाष पर संपर्क कर रक्तदान करने को रजिस्ट्रेशन कराया।