पीलीभीत। बिजली की अघोषित कटौती ने शहर वासियों को रुलाकर रख दिया है। खराबी और फाल्ट के नाम पर आए दिन व्यवस्था चरमरा रही है। शनिवार रात को भी शहर के कई मोहल्लों में ट्रांसफार्मर में खराबी आने के बाद ब्लैकआउट रहा। रात भर लोग बिजली के इंतजार में परेशान होते रहे। दूसरे दिन सुधार के बाद सप्लाई शुरू की जा सकी।
पिछले कई दिनों से शहर में सुबह और रात को सोने के वक्त बिजली की कटौती ने लोगों को परेशान कर दिया है। शनिवार रात को गांधी स्टेडियम रोड पर लगा पावर कॉरपोरेशन का 400 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इससे अशोक कॉलोनी, एकता नगर, सुनगढ़ी मोहल्ला समेत आसपास के इलाकों की बिजली गुल हो गई। रात भर लोग बिजली के बिना लोग परेशान होते रहे। कुछ देर चलने के बाद घरों में लगे इनवर्टर भी डाउन पड़ गए। जैसे-तैसे लोगों ने रात काटी। इसके बाद दूसरे दिन रविवार को जब आंख खुली तब भी बिजली नदारद मिली।
इधर, पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने सुधार के लिए टीम को भेजा। दिन में 11 बजेे तक काम चला और फिर जाकर सप्लाई दी जा सकी। रात और सुबह के समय हुई कटौती के चलते लोगों की नींद पूरी नहीं हो सकी।
उपभोक्ता बोले- कब तक रहेंगे परेशान, साहब दे दीजिए ध्यान
आज तक यह नहीं पता लग सका है कि आखिर बिजली आने-जाने का शेड्यूल है क्या। किसी भी समय कटौती हो जाती है। इस समस्या का समाधान आखिर कब तक होगा। -सोयल राठौर, सरायखाम
आए दिन जर्जर तार और ट्रांसफार्मर की खराबी से कटौती होती है। सवाल यह है कि आखिर इनका सुधार क्यों नहीं कराया जाता। कब तक फॉल्ट के नाम पर अघोषित कटौती से परेशानी उठानी पड़ेगी। अधिकारी इसके प्रति संजीदा नहीं दिखते।
-विशु गौतम अंबेडकर नगर
कटौती छोड़िए..जब बिजली आती है, उस वक्त लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है। ऐसे में बिजली आने के बाद भी पूरी तरह से राहत नहीं मिलती। तड़के और रात के समय कटौती नहीं होनी चाहिए।
-रचना आनंद, अशोक कॉलोनी
बिजली के सुधार के नाम पर सिर्फ शोर किया जाता है। हकीकत जस की तस बनी रहती है। बच्चों से लेकर बड़े, बाजार से लेकर घर तक सभी इससे प्रभावित हो रहे है। सुधार को लेकर ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
-दीपाली पुरी, अशोक कॉलोनी
शनिवार रात को ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण उससे जुड़े इलाके में सप्लाई बाधित गई थी। इसका रविवार सुबह टीम भेजकर सुधार कराकर सप्लाई सुचारू कर दी गई है। किसी तरह की कहीं पर अब कोई दिक्कत नहीं है।
- अतुल कुमार, एसडीओ टाउन
...तो अब नहीं आएगी पूरनपुर में लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या
विधायक ने किया पूजन, ट्रांसफार्मर से शुरू हुई सप्लाई
पूरनपुर। पावर कॉरपोरेशन के पूरनपुर देहात सब स्टेशन से गांवों की बिजली सप्लाई होती है। अभी तक यहां आठ और पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर रखा था। अधिक लोड होने पर पिपरिया दुलई और सबलपुर फीडर के करीब पचास गांव में लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या थी। इसका सुधार करने के लिए पांच एमवीए के स्थान पर दस एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। विधायक बाबूराम पासवान ने रविवार को पूजन किया, इसके बाद ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई शुरू करा दी गई है। इससे क्षेत्र के करीब 50 गांवों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस मौके पर अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार, एसडीओ शोएब अंसारी, जेई हरीशंकर, विकास त्रिवेदी, भाजपा नेता राजू आचार्य समेत कई लोग मौजूद रहे।