गजरौला (पीलीभीत)। महिला हेल्पलाइन (181) आशा ज्योति केंद्र के कर्मचारियों ने एक बार फिर पुलिस के मदद मांगने पर हाथ खड़े कर दिए। मौके पर न पहुंचने के पीछे गाड़ी में डीजल न होने का बहाना बना दिया। इस पर पुलिस ने महिला को अपने वाहन से आशा ज्योति केंद्र पहुंचाया। इंस्पेक्टर ने इसकी रिपोर्ट बनाकर डीएम को भेजी है।
गजरौला थाना क्षेत्र के सिरसा सरदाह गांव में शुक्रवार सुबह 35 वर्षीय महिला मिली। वह मानसिक मंदित प्रतीत हो रही थी। वह खुद के बारे में कुछ नहीं बता पा रही थी। ग्रामीणों से मिली सूचना पर इंस्पेक्टर नरेश कश्यप पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने महिला की मदद के लिए आशा ज्योति केंद्र के कर्मचारियों को फोन किया। इस पर आशा ज्योति केंद्र कर्मचारी ने मौके पर पहुंचने से इंकार कर दिया। वजह पूछने पर कर्मचारी ने कहा कि गाड़ी में डीजल ही नहीं है। इसके बाद पुलिस ने महिला को टेंपो में आशा ज्योति केंद्र भिजवाया। इसी तरह का एक मामला पहले भी सामने आ चुका है।
महिला से जुड़ा मामला होने के कारण कॉल की गई थी, लेकिन वाहन में डीजल न होने की बात कहकर इंकार कर दिया गया। पूर्व में 13 अगस्त को एक मामले में मदद से इंकार किया जा चुका है। इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है। - नरेश कश्यप, इंस्पेक्टर गजरौला