पीलीभीत। सेंट एलायसियस कॉलेज के बच्चों ने समाजसेवा के क्षेत्र में मिसाल कायम की है। स्कूली बच्चों ने अपनी पॉकेटमनी बचाकर उससे पांच गरीब परिवारों को खाद्य सामग्री सौंपी।
कॉलेज के कक्षा चार से लेकर कक्षा सात के बच्चों ने अपनी पॉकेट मनी गरीबों की मदद के लिए बचा कर रखी। शुक्रवार को बच्चों ने पिपरिया नवदिया निवासी विजयपाल, दुलारा देवी, देवीपुरा निवासी मनोहरलाल, कल्याणपुर खास निवासी रामकली और बरहा निवासी सोमवती को आटा, चाय, दाल आदि खाद्य सामग्री सौंपी। कार्यक्रम का संचालन कर रही जगदीप कौर और डॉ. नेहा शर्मा ने बताया कि बाढ़पीड़ितों के लिए रिलीफ फंड भी भेजा गया है। फादर जूलियन पिंटो ने बच्चों के कार्य की सराहना की। इस मौके पर नीना, आंचल अग्रवाल, रूचि अरोरा, रजनीत, मनीषा, पावस, ओशेन गुप्ता, भावना साहनी, नेहा गुप्ता आदि मौजूद रहीं।