पीलीभीत। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन की ओर सोमवार से केंद्रीय आह्वान पर ध्यानाकर्षण आंदोलन शुरू किया था। इसके अंतिम दिन मंगलवार को भी जेई और अन्य कर्मचारी रोडवेज स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में धरने पर रहे।
पुरानी पेंशन बहाली और वेतन से जुड़ी मांगों को लेकर कर्मचारियों ने हुंकार भरी। धरना प्रदर्शन के दौरान हुई सभा में अध्यक्ष सरफुददीन अंसारी ने कहा कि मांगें पूरी होने तक संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्देशानुसार आंदोलन जारी रहेगा। 26,27,28 अक्तूबर को क्षेत्रीय मुख्यालय बरेली में होने वाली ध्यानाकर्षण सभा में भी जेई भाग लेंगे। इस दौरान अवर अभियंता और प्रोन्नत अभियंता कार्य से भी विरत रहे। धरना देने वालों में अंकुर झिंझानिया, शुभम भारद्वाज, दीपक कुमार, गौरव सागर, मनोज कुमार, जहांगीर आलम, सुखपाल सिंह, अवतार सिंह, अभिषेक सक्सेना, सबीर खान, उमेश कुमार आदि मौजूद रहे। ब्यूरो