पीलीभीत। प्रशासन की ओर से सावन के अंतिम सोमवार को शिव भक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की गई। खास बात यह रही कि कांवड़ियों के लिए लगाए गए इस कैंप के पास से जब मुस्लिम समाज के लोग गुजरे तो उनको भी गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत करने के लिए कहा था। इसी क्रम में सावन के अंतिम सोमवार को जिला प्रशासन की ओर से सोमवार सुबह आयुर्वेदिक कॉलेज चौराहा पर कैंप लगाया गया। इसमें विधायक संजय सिंह गंगवार, सिटी मजिस्ट्रेट ऋतु पुनिया, व्यापारी राजेश अग्रवाल बिछले, व्यापार मंडल के विश्वजीत त्रिवेदी, सभासद वतनदीप मिश्र समेत कई संभ्रांत लोग मौजूद रहे। कछला से जल लेकर प्राचीन गौरीशंकर मंदिर जा रहे कांवड़ियों पर सभी ने फूल बरसाए। हर कोई जय भोले, हर-हर महादेव का उद्घोष करता नजर आया। खास बात यह रही कि यहां नमाज पढ़कर लौट रहे मुस्लिम समाज के लोगों को भी पूरा सम्मान दिया गया। उनको रोककर गले मिलकर ईद की बधाई दी गई। उनके साथ आए बच्चों को खानपान का सामान दिया गया तो उनके चेहरे भी खुशी से खिल उठे। प्रशासन का ये बंदोबस्त खासा सराहा गया। दिन भर सोशल साइट्स पर भी इसकी धूम मची रही।