पीलीभीत। सावन का अंतिम सोमवार और ईद को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से सख्त बंदोबस्त किए गए। किसी तरह के विवाद की स्थिति न बने, इसके लिए नमाजियों और कांवड़ियों को अलग-अलग रास्तों से निकाला गया।
सोमवार सुबह से ही पुलिस विभाग की ओर से जिले में चिह्नित किए गए 409 प्वाइंटों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। कांवड़ियों के जत्थे प्राचीन गौरीशंकर मंदिर जाने के लिए पहुंचना शुरू हो गए थे। इधर, ईदगाह में ईद उल अजहा की नमाज को लेकर भारी भीड़ रही। ऐसे में प्रशासन की ओर से बरेली हाईवे पर ईदगाह मोड़ पर भारी पुलिस बल लगाया गया। इस दौरान कांवड़ियों के जत्थों को पुलिस आगे के रास्ते से सकुशल निकालती रही। कांवड़ियों के रास्ते पर पड़ने वाली अन्य मस्जिदों में भी नमाज के वक्त इसी तरह से रास्ते बदलकर व्यवस्था बनाई जाती रही। शिवालयों और मुख्य चौराहों पर भी पुलिस बल की मौजूदगी रही। डीएम वैभव श्रीवास्तव, एसपी मनोज कुमार सोनकर, एएसपी रोहित मिश्र, सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल फोर्स के साथ राउंड पर रहकर हालात पर नजर बनाए रहे। छिटपुट सूचना पर भी अफसर खुद दौड़ते नजर आए। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न दी जा सके, इसके अलावा कुर्बानी खुले में न हो और अवशेष को बाहर न डाला जाए, इसका भी विशेष ध्यान रखा गया। प्रशासनिक अधिकारी भी पुलिस के साथ अलर्ट रहे।
यहां पुलिस की सक्रियता आई काम
सख्त बंदोबस्त के बीच कई बार पुलिस की सक्रियता की वजह से विवाद बच गए। मोहल्ला फीलखाना निवासी एक युवक कुर्बानी के बाद ई-रिक्शा में अवशेष लेकर जा रहा था। मोहल्ला डालचंद में एक धार्मिक स्थल के पास अवशेष ई-रिक्शा से गिर गए। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तुरंत पहुंची और अवशेष ले जा रहे युवक को पकड़ लाई। मौके पर तत्काल साफ-सफाई करा दी गई। शहर से सटे चंदोई गांव में एक व्यक्ति ने खुले में पशु की कुर्बानी दी। इसकी सूचना पर भी पुलिस पहुंची और तत्काल साफ-सफाई कराई। आरोपी की जमकर फटकार भी लगाई गई। इधर, जहानाबाद कस्बे में कांवड़ियों के रास्ते को लेकर विरोध की सूचना मिली। इस पर पुलिस और प्रशासनिक अफसर तत्काल पहुंचे और कांवड़ियों को सकुशल निकलवाया।
सख्त सुरक्षा बंदोबस्त के बीच सावन का अंतिम सोमवार और बकरीद त्योहार को सकुशल संपन्न कराया गया है। किसी को भी दिक्कत नहीं आने दी गई है।
- मनोज कुमार सोनकर, एसपी