बीसलपुर। भारतीय खाद्य निगम लखनऊ के अधिकारी के निर्देश पर स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को सेंट्रल वेयर हाउस परिसर में भरा पानी पंपिंग से बाहर निकलवाया। अब वेयर हाउस के गोदामों में भंडारित सरकारी गेहूं को कोई खतरा नहीं है।
सेंट्रल वेयर हाउस परिसर में एक सप्ताह से बारिश का पानी भरा था, इससे वेयर हाउस के गोदामों में भंडारित 10 हजार मीट्रिक टन गेहूं में नमी पैदा होने लगी थी और उसके खराब होने के आसार बन गए थे। अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो लखनऊ तक खलबली मच गई। भारतीय खाद्य निगम लखनऊ के सहायक महाप्रबंधक (गुणवत्ता नियंत्रण) आईएन वर्मा ने मामला संज्ञान में आने पर रविवार को मौका मुआयना किया। उन्होंने वेयर हाउस प्रबंधक और खाद्य निगम के जिला प्रबंधक आरपी शर्मा को पंपिंग सेट से पानी निकलवाने के निर्देश दिए। सहायक महाप्रबंधक के निर्देश पर स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को पंपिंग सेट लगाकर सेंट्रल वेयर हाउस परिसर में भरा पानी निकलवा दिया।