एएसपी सुधीर कुमार सिंह की अध्यक्षता में थाना सुनगढ़ी में स्कूल
प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों की बैठक हुई। इसमें बड़े वाहनों के शहर में
प्रवेश करने का समय निश्चित किया गया। अब बड़े वाहनों को सुबह आठ से 10 बजे
तक और दोपहर दो से चार बजे तक शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
दो
दिन पहले टनकपुर हाइवे पर ट्रैक्टर ट्रॉली से गिरे गन्ने की चपेट में आकर
दो छात्राएं घायल हो गईं थीं। इससे गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया था। भीड़
ने पुलिस के साथ धक्कामुक्की कर एक सिपाही की रायफल भी छीन ली थी। इस
दुर्घटना पर स्कूल संचालकों ने भी नाराजगी जताई थी। इसी को लेकर सोमवार को
थाना सुनगढ़ी में एक बैठक हुई।
बैठक में तय किया गया कि ओवरलोड भारी
वाहन स्कूल खुलने के समय सुबह आठ से 10 बजे तक और छुट्टी होने के समय दोपहर
दो से चार बजे तक शहर में प्रवेश नहीं करेंगे। इन वाहनों को ट्रैफिक पुलिस
असम हाइवे, रामलीला ग्राउंड व टनकपुर हाइवे पर रोकेगी। इसके साथ ही
छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए स्कूल खुलने व
बंद होने के समय पर दरोगा और सिपाही चौकस रहेंगे।
बैठक में लिटिल
एंजिल्स और बेनहर स्कूल के सामने हाइवे पर ब्रेकर बनाए जाने की मांग उठाई
गई। इस पर एएसपी ने डीएम से पत्राचार कर ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया।
बैठक में सीओ सिटी कौशलेंद्र कुमार सिंह, शहर कोतवाल अतुल प्रधान, प्रभारी
निरीक्षक सुनगढ़ी बृजेश सिंह, कुलदीप सिंह, आरसी सिंघल, प्रतिभा चौहान, डॉ.
संजीव अग्रवाल, परमिंदर सिंह सैहमी समेत करीब आठ स्कूलों के प्रबंधक व
प्रधानाचार्य मौजूद रहे।