शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने की कवायद शुरू
शहर को अतिक्रमण व जाम की समस्या से निजात दिलाने की कवायद तेज हो गई है। एसपी देवरंजन वर्मा के नेतृत्व मेें नगर पालिका व पीडब्ल्यूडी टीम ने प्रमुख चौराहों व अन्य स्थानों पर अतिक्रमण चिह्नित किया। प्रदेश में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद कानून का कड़ाई से पालन करने की शुरू हुई कवायद के बाद अब शहर को अतिक्रमण व जाम से मुक्त करने की पहल की जा रही है। बृहस्पतिवार को एसपी देवरंजन वर्मा के नेतृत्च में अभियान चलाकर नगर पालिका व पीडब्ल्यूडी टीम ने अतिक्रमण चिह्नित किया। इस दौरान एसपी ने गौहनिया चौराहा समेत अन्य चौराहों पर जाम लगने के कारणों के बारे में जानकारी हासिल की। वहीं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के बारे में मौके पर अफसरों से चर्चा की। प्रमुख चौराहों पर सीसी कैमरे व मोबाइल बैरियर आदि लगाने की भी बात कही गई। शहर के प्रमुख छतरी चौराहा को टॉप मॉडल क्रासिंग बनाने का भी बात कही गई। इधर एसपी के नेतृत्व में चले अभियान को देखकर कब्जा जमाए बैठे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर पालिका ने जेसीबी मशीन व कर्मचारियों की पहले से ही व्यवस्था कर रखी थी, लेकिन कार्रवाई के खौफ के चलते चौराहों के आसपास कब्जा जमाए बैठे खोखा, फड़ व अन्य दुकानदारों ने स्वत: ही सामान समेटना शुरू कर दिया। इस मौके पर एएसपी डॉ. रामसुरेश यादव, सिटी मजिस्ट्रेट राजितराम प्रजापति, सीओ सिटी अनुराग दर्शन, अधिशासी अधिकारी वीपी सिंह समेत पीडब्ल्यूडी, सेतु निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
अतिक्रमण के विरोध में प्रदर्शन
पूरनपुर। शेरपुरकला के लोगों ने होलिका स्थल पर अतिक्रमण कर खोखे रखने, गंदगी डालने और शमशान घाट के रास्ते को जोतकर खेत में मिलाने के विरोध में नगर के ब्लाक चौराहा पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम कार्यालय में दिए शिकायती पत्र में समस्याओं के समाधान की मांग की। ब्लाक चौराहा पर एकत्र हुए शेरपुरकला के लोगों ने होलिका स्थल पर गंदगी और अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए रोष व्यक्त कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर समस्या के संबंध में ज्ञापन भी दिया। ज्ञापन में रामकुमार, सुरेश भारती, रामदीन, रघुनंदन राठौर, रामचंद्र, संजय, विनोद कुमार, सुभाष राठौर, धर्मेेंद्र कुमार, बांकेलाल, लालजीत राठौर आदि थे।