माधोटांडा। चोरों ने नौजल्हा गांव में एक रात में तीन दुकानों के ताले चटकाए। इसके बाद हजारों का सामन समेट गए। इसकी सूचना मिलने के बाद भी पुलिस ने सुध नहीं ली। घटना की रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर मौका मुआयना करने भी कोई नहीं पहुंचा।
थाना क्षेत्र के नौजल्हा गांव निवासी शांतिरंजन विश्वास ने बताया कि उनकी गांव के बाजार में किराना की दुकान है। सोमवार रात चोर दुकान के ताले तोड़कर भीतर घुस गए। इसे बाद गल्ले में रखी कुछ नकदी समेत 35 हजार कीमत का सामान समेट ले गए। कुछ ही दूरी पर पंचानन बर्मन की मोबाइल की दुकान में भी इसी तरह से ताले तोड़कर घटना की गई। यहां से 35 हजार का सामान समेट ले गए। इसके अलावा एक हेयर सैलून की दुकान को भी निशाना बनाया। इसके भी चोरों ने ताले तोड़े। हालांकि यहां कोई कीमती सामान नहीं मिला। मंगलवार सुबह उनको घटना की जानकारी हुई। पीड़ित रमनगरा चौकी तहरीर लेकर पहुंचे। आरोप है कि पुलिस ने तहरीर लेने से इनकार कर दिया और मौका मुआयना करने की भी जहमत नहीं उठाई। उधर, चौकी रमनगरा के प्रभारी पवन शर्मा ने बताया कि कुछ ग्रामीण चोरी की सूचना देने आए थे। इस पर जांच कराई जा रही। एफआईआर दर्ज कराने के लिए उन्हें थाना माधोटांडा पर जाकर तहरीर देने को कहा गया था। उनकी तहरीर लेने से इनकार नहीं किया गया।