फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवती को जबरन कार से उतारने पर हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। नए साल की पहली रात : समय करीब नौ बजे, स्थान-चावला चौराहा। शहर में हर वक्त व्यस्त रहने वाली स्टेशन रोड पर अचानक आकर रुकी एक कार में बैठे तीन युवकों और शहर की ही एक युवती को जबरन कार से उतारने लगे। न जाने क्या झगड़ा था, युवकों से तेज आवाज में उसकी कहासुनी हुई तो भीड़ जुट गई। वहीं जब राह से गुजर रहे लोग जब युवती की मदद को आगे बढ़े तो वह उल्टा उन्हीं से उलझ पड़ी। हंगामा होता देख तीनों युवक कार भगा ले गए। पुलिस पहुंची तो युवती कोई कार्रवाई न कहने की बात कहकर अपने रास्ता चली गई।
विज्ञापन

बुधवार रात हुई यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। छीपीयान चौराहे की तरफ से आई कार जिस वक्त आकर रुकी, उस समय दुकानें भी खुली हुईं थीं। कार में सवार युवती को अचानक तीनों युवक बाहर निकालने लगे। जबकि वह उतर नहीं रही थी। विवाद होता देखकर आसपास की दुकान पर मौजूद लोग कार की तरफ बढ़े। स्कूटी से जा रही एक महिला भी यह देखकर कार के पास रुक गई। युवती को तब तक तीनों युवक सड़क पर उतार चुके थे। महिला ने कार सवार युवकों को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन भीड़ जमा होते देखकर वह गैस चौराहा की तरफ कार दौड़ाकर भाग गए। युवती से दुकानदारों ने पूछा भी कि उसे कार से जबरन क्यों उतार रहे थे, इस पर वह कुछ नहीं बोली। जब उस पर ज्यादा दबाव बना तो वह बेवजह बखेड़ा करने की बात कहते हुए भीड़ से उलझने लगी। इस पर भीड़ पीछे हट गई।
ऐसे में लोगों ने पुलिस को सूचना देना बेहतर समझा। कुछ ही देर में सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर भी युवती ने न तो खुद के बारे में कुछ बताया, न ही कार सवार युवकों से हुए झगड़े की वजह बताई। वह यह कहकर चली गई कि बेवजह बात को तूल देकर उसे न फंसाया जाए। इसके बाद वह कहने लगी कि वह तो कार में थी ही नहीं। न ही उसे किसी ने उतारा है। यह सुनकर लोग समझ गए कि वह मामला खत्म करना चाहती है। युवती ने कहा भी कि उसे इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करनी है। यह कहकर युवती चली गई।
विज्ञापन

युवती ने कार से उतरने के बाद चुप्पी क्यों साधी..। वह रात में तीनों युवकों के साथ नए साल की पहली रात को कहां और क्या करने गई, इस बात पर पुलिस और राहगीर देर तक चर्चा करते रहे। फिलहाल, किसी की ओर से तहरीर न मिलने से पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
दिल्ली का निर्भया कांड हो या फिर हैदराबाद का डॉक्टर बिटिया का मामला..। ये दोनों जघन्य कांड रात में ही हुए थे। इसके बाद महिला सुरक्षा खासतौर से रात में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर काफी हल्ला मचा था महिलाओं की सुरक्षा के लिए इंतजाम बढ़ाने की बात की गई। बाजार में युवती को कार से उतारने के मामले में अभी कोई कहानी भले उजागर न हुई हो, लेकिन महिला सुरक्षा पर सवाल जरूर खड़े हो गए हैं। बाजार में इस तरह से युवती को कार से बाहर निकालने के बाद सवार युवक भाग गए। उनके बारे में पुलिस को भी कोई जानकारी तक नहीं हो सकी। पुलिस तहरीर न मिलने पर कार्रवाई न होने की बात कहकर मामला भले ही टाल गई, लेकिन इस तरह की घटनाओं को हल्के में लेना कभी भी भारी पड़ सकता है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। युवती ने खुद के कार में सवार होने की बात नहीं कही। मामूली टक्कर लगने की बात बताते हुए कार्रवाई से इनकार कर वह अपने घर चली गई। किसी की ओर से कोई तहरीर भी नहीं दी गई है। वहां पर मौजूद लोग भी घटना के बारे में अधिक जानकारी नहीं दे सके। इसलिए कार्रवाई नहीं की गई। - राजेश कुमार, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें