पीलीभीत/पूरनपुर। पंचायत चुनाव को लेकर नाम वापसी की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद कई प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। शहर विधायक के भाई, पूरनपुर की पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत कई दिग्गज और उनके परिवार के सदस्य इस सूची में शामिल हो चुके हैं। दिन भर ब्लॉकों पर कोरोना कर्फ्यू के बीच चुनाव चिह्न आवंटन और नाम वापसी की प्रक्रिया चली।
रविवार को कलक्ट्रेट में जिला पंचायत सदस्य, जबकि ब्लॉकों पर ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों पर नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी का सिलसिला चला। ललौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख तैयारी कर रहे शहर विधायक संजय सिंह गंगवार के भाई अजय सिंह गंगवार का कुकरीखेड़ा सीट से निर्विरोध चुना जाना लगभग तय हो चुका है। बताते हैं कि इसे लेकर विधायक खुद लगे हुए थे। पूरनपुर में पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनप्रीत कौर समेत करीब 10 से अधिक प्रत्याशियों का निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया। इसे लेकर प्रत्याशियों, उनके समर्थकों और परिवार में खुशी भी रही। फूल माला पहनाकर हर्ष जताया गया।
बीसलपुर। अमरा करोड़ क्षेत्र में बीडीसी की तीन प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए। पूर्व ब्लॉक प्रमुख तारावती गंगवार के निर्विरोध बीडीसी सदस्य बनने का रास्ता साफ हो गया है। अब केवल तारावती गंगवार ही चुनाव मैदान में शेष रह गई हैं। कोई प्रतिद्वंदी न होने पर निर्विरोध बीडीसी सदस्य चुना जाना तय है।
किसी को मिला आम, किसी को चिड़िया का घोंसला
शाम को नामांकन वापसी के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। आरओ नरेंद्र यादव ने बताया कि प्रधान पद के प्रत्याशी को आम, ओखली, इमली, अंगूर, केला आदि क्षेत्र पंचायत सदस्य को गुल्ली डंडा, गेंद-हॉकी, पटा-बेलन, चिड़िया का घोंसला, जीप, टॉर्च और ग्राम पंचायत सदस्यों को अनाज ओसाता किसान, इमली, कन्नी, कार, किताब, कैमरा, कैरमबोर्ड, कोट, खड़ाऊ, चारपाई, गदा, गले का हार, घंटी, चूड़ियां, छत का पंखा आदि चुनाव चिह्न दिए गए।