पूरनपुर। पिछले साल चलन से बाहर हुई थ्री-नॉट थ्री रायफल पंचायत चुनाव में एक बार फिर बाहर निकल आई है। चुनाव ड्यूटी में जाने वाले कांस्टेबल ब्रिटिश जमाने की रायफल थामे नजर आए। यह वही राइफल है जिसे पुलिस ने 26 जनवरी 2020 की परेड में विदाई दी थी।
अंग्रेजों के जमाने से पुलिस के साथ रही थ्री नॉट थ्री रायफल का प्रशिक्षण कांस्टेबलों और होमगार्डोँ को पहले ही दिया गया था। पंचायत चुनाव के नामांकन कराने को सर्किल से पुलिस स्टाफ को दूसरे जिलों में भेजा है। हजारा थाना के कुछ कांस्टेबलों को पूरनपुर लगाया गया है। जबकि कुछ रंगरूट पुलिस लाइन से भेजे गए हैं। इसके अलावा मतदान को भी सर्किल के कई पुलिस कर्मियों और होमगार्डों की ड्यूटी दूसरे जिलों में लगी है। सुरक्षा को लेकर सभी को हथियार देने है। हालांकि यह गैर जिलों से आने वाले कांस्टेबल, होमगार्ड कितने सशस्त्र होंगे और कितने निशस्त्र होंगे। इसका ब्यौरा अभी नहीं बन सका है। पुलिस अफसरों को चलन से बाहर हुई थ्री नॉट थ्री की फिर याद आ गई। मालखाना में जमा थ्री नॉट थ्री को निकालकर पुलिस कर्मियों को दिया गया।
निष्पक्ष ढंग से ड्यूटी की दी गई हिदायत
नामांकन की तैयारी पूरी कर ली गई। कोतवाल सुनील शर्मा ने बताया कि नामांकन की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। प्रत्याशी और उसके प्रस्तावक के अलावा अन्य किसी को प्रवेश में घुसने नहीं दिया जाएगा। पुलिसकर्मियों की बैठक लेकर निष्पक्षता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए है। सोमवार को नामांकन स्थल का निरीक्षण किया गया। खंड विकास अधिकारी सुनील जायसवाल ने बताया कि नामांकन की तैयारी पूरी कर ली गई है। 22 काउंटरों पर नामांकन दाखिल कराए जाएंगे। परिसर में थर्मल स्क्रीनिंग कराकर लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। मतदान कर्मियों के अलावा 25 अन्य कर्मचारियों को लगाया गया है। जो बैरियर और ब्लॉक परिसर में रहेंगे।