तहसील सभागार में गुरुवार को बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल बरखेड़ा की कुर्क
की गई 25 हजार क्विंटल चीनी 6.52 करोड़ रुपये में नीलाम कर दी गई है। यह
नीलामी मिल से 11 करोड़ रुपये कलेक्शन चार्ज न देने पर की गई है।
बजाज
हिंदुस्तान चीनी मिल बरखेड़ा द्वारा करीब 11 करोड़ रुपये का कलेक्शन चार्ज न
देने पर राजस्व विभाग ने डीएम मासूम अली सरवर के निर्देश पर काफी समय
पूर्व ही मिल की गोदामों में भंडारित 25 हजार क्विंटल चीनी कुर्क कर ली थी।
डीएम के निर्देश पर ही राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को
तहसील कार्यालय सभागार में कुर्क चीनी की नीलामी कर दी।
तहसीलदार ने
बताया कि यह नीलामी कस्बा बिलसंडा के चीनी व्यापारी राजेश कुमार, दिनेश
कुमार, बरेली के परेश गुप्ता, रामऔतार और पीलीभीत के मनोज खंडेलवाल ने
संयुक्त रूप से ली है। नीलामी छह करोड़ 52 लाख 75 हजार रुपये में छूटी।
नीलामी में कुल आठ चीनी व्यापारियों ने बोली लगाई थी।
तहसीलदार ने यह
भी बताया कि नीलामी पत्रावली अनुमोदन के वास्ते डीएम कार्यालय भेजी जाएगी।
अनुमोेदन मिलने के बाद संबंधित व्यापारियों को चीनी का उठान करा दिया
जाएगा। नीलामी के दौरान नायब तहसीलदार एमआर थारू और क्षेत्रीय संग्रह अमीन
महेंद्र पाल भी मौजूद थे।