बरखेड़ा के मचवाखेड़ा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में भरा पानी। संवाद
बरखेड़ा। मानसून की पहली ही बारिश ने परिषदीय विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान प्रभावित रहा। बरखेड़ा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय मचवाखेड़ा और प्राथमिक विद्यालय पुरनापुर में विद्यालय परिसर जलमग्न हो गया। हालात ऐसे हैं कि बच्चों को घुटनों तक भरे गंदे पानी से होकर कक्षाओं तक पहुंचना पड़ रहा है। जलभराव के कारण स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति भी काफी कम रही। अभिभावकों को बच्चों के बीमार होने की चिंता सता रही है, जबकि विद्यालय प्रशासन लंबे समय से समस्या के समाधान की मांग करता आ रहा है।
कंपोजिट विद्यालय मचवाखेड़ा में 101 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, लेकिन बुधवार को केवल 62 बच्चे ही स्कूल पहुंचे। कार्यवाहक इंचार्ज अध्यापिका प्रीति रानी ने बताया कि बारिश और जलभराव के कारण उपस्थिति प्रभावित हुई है। इधर, प्राथमिक विद्यालय पुरनापुर की स्थिति और अधिक गंभीर है। विद्यालय का परिसर आसपास की जमीन से नीचा होने के कारण बारिश का पानी सीधे स्कूल में भर जाता है। विद्यालय में 38 बच्चों का पंजीकरण है, लेकिन बुधवार को केवल 12 बच्चे ही स्कूल पहुंचे। इंचार्ज प्रधानाध्यापक अताउल मुस्तफा अंसारी ने बताया कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बन जाती है। संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया है। बीएसए रोशनी सिंह ने बताया कि जहां भी जलभराव की समस्या बनी है। वहां निकासी की व्यवस्था को बेहतर करवाया जाएगा। संवाद