पीलीभीत। महिला कल्याण विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को थाना बरखेड़ा क्षेत्र के दो गांवों में होने जा रहे दो किशोरियों के विवाह को रुकवा दिया गया। दोनों बालिकाओं ने काउंसलिंग के दौरान आगे पढ़ाई करने की इच्छा जताई।
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर मिली शिकायत के बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर संरक्षण अधिकारी मीनाक्षी पाठक, चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक निर्वान सिंह और एसजेपीयू प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि दोनों किशोरियों का विवाह दो जुलाई को प्रस्तावित था। एक का विवाह पीलीभीत और दूसरी का बरेली जिले के एक गांव में तय किया गया था। दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
काउंसलिंग के दौरान एक ने बताया कि उसने इस वर्ष हाईस्कूल उत्तीर्ण किया है और आगे पढ़ना चाहती है, जबकि दूसरी बालिका ने कक्षा आठ पास की है और वह भी अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती है। टीम ने परिजनों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 की जानकारी देते हुए विवाह कराने पर कानूनी कार्रवाई से अवगत कराया। इसके बाद दोनों परिवार बाल विवाह रोकने के लिए तैयार हो गए। जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुराग श्याम रस्तोगी ने बताया कि दोनों किशोरियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति लाया जाएगा। संवाद