पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा एसएसबी चौकी कंबोजनगर के पास पिलर संख्या 34 पर पुल के निर्माण का कार्य चल रहा है। 29 जनवरी को गांव टाटरगंज में एक ग्रंथी ने गुरुद्वारे से एनाउंस कर दिया कि पिलर संख्या 34 के पास भारत-नेपाल सीमा पर बन रहे पुल के लिए छोटे बच्चे की बलि दी जाएगी। एनाउंस होने से गांव के अलावा आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी जब शनिवार को पुल का निर्माण करा रहे ठेकेदार सरताज को हुई तो उन्होंने इसकी शिकायत एसपी अनिल कुमार सिंह और सीओ पूरनपुर से की। अधिकारियों के आदेश पर एसओ ने सीमावर्ती गांवों के प्रधानों और आरोपी ग्रंथी को रविवार को थाने पर बुलाया और एनाउंस करने के मामले की जानकारी ली। ग्रंथी ने ग्राम प्रधान के पुत्रों द्वारा एनाउंस कराने की जानकारी दी। इस पर एसओ ने ग्राम प्रधान और ग्रंथी की जमकर फटकार लगाई और कार्रवाई की चेतावनी देकर छोड़ दिया।