मझोला(पीलीभीत)। जंगल से सटे खेत में चीतल का शिकार करने के मामले में सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों ने खेत में चीतल को मारा और मांस घर ले गए। सूचना पर पहुंची पीटीआर की टीम ने एक आरोपी के घर से चीतल का मांस भी बरामद किया। महोफ रेंज में तैनात वन रक्षक फहीम अहम ने न्यूरिया थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 17 मार्च को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि रम्पुरिया कॉलोनी निवासी सतनाम के खेत में चीतल का शिकार किया गया है। सूचना पर वन दरोगा सुरेंद्र गौतम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम को मोबाइल फोन पर शिकार से संबंधित बातचीत की ऑडियो रिकार्डिंग मिली।
पूछताछ करने पर गांव निवासी राजीव के अलावा ओमकार निवासी ग्राम खरगापुर, सतनाम सिंह, गौतम, अंग्रेज सिंह, कमल, परविंदर सिंह निवासी ग्राम रम्पुरिया के साथ मिलकर चीतल का शिकार करने की बात सामने आई। शिकार के बाद आरोपी मांस को बराबर हिस्सों में बांटकर अपने घर ले गए।
इस पर टीम ने ओमकार के घर पर दबिश देकर पतीली से 400 ग्राम व एक पॉलीथिन में 500 ग्राम चीतल का मांस बरामद किया। टीम ने अन्य आरोपियों के घर पर भी दबिश दी गई, लेकिन कोई घर पर नहीं मिला।
थाना प्रभारी रूपा बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनकी धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।