स्टॉल का निरीक्षण करते गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार। संवाद
समिति स्तर पर लगाए गए प्रदर्शन मेले का राज्यमंत्री ने किया शुभारंभ, नई सदस्यता और उपज बढ़ोतरी के लिए बनाए गए काउंटर
पीलीभीत। चीनी मिलों का पेराई सत्र शुरू होने से पहले गन्ना किसानों को अपना सर्वे और सट्टा जांचने का मौका देने के लिए सहकारी गन्ना विकास समिति पीलीभीत में समिति स्तरीय सट्टा प्रदर्शन मेले का आयोजन किया गया। शुक्रवार को गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने किसानों से अपील की कि चीनी मिलें चलने से पहले सभी किसान अपना सर्वे और सट्टा जरूर देख लें, ताकि किसी तरह की त्रुटि होने पर समय रहते उसका सुधार कराया जा सके।
राज्यमंत्री ने कहा कि मेले में नए सदस्य बनाने और उपज बढ़ोतरी की रसीद काटने के लिए अलग काउंटर बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को समिति स्तर पर सम्मानित करने के लिए पूरे प्रदेश में गन्ना कृषक सम्मान योजना लागू की गई है। इस दौरान रेंज गन्ना प्रतियोगिता में पेड़ी गन्ने की सर्वाधिक पैदावार लेने वाले किसान रामसरन को राज्यमंत्री ने प्रमाणपत्र और शॉल देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा श्यामलाल, रामकुमार, डोरीलाल, निर्भय सिंह, हरिशंकर मौर्य और जगन्नाथ को ड्रिप सिंचाई एवं पोषण प्रबंधन अपनाने के लिए सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 95 प्रतिशत से अधिक गन्ना मूल्य का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। कार्यक्रम में जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम भार्गव आदि मौजूद रहे। संवाद