पीलीभीत। सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपी ने पीड़ित से 10 हजार रुपये नकद ले लिए। कुछ दिन बाद फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। पीड़ित के बैंक के खाते की पासबुक, चेकबुक लेकर अवैध लेनदेन किया। जानकारी होने पर पीड़ित ने एसपी से शिकायत की। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
पूरनपुर क्षेत्र के धर्मापुर गांव निवासी संजय कुमार ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि अक्तूबर 2023 में उसके परिचित पूरनपुर के गांव सिरसा निवासी हरीशंकर ने उसकी मुलाकात शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 निवासी राशिद से कराई।
आरोपियों ने दिल्ली की एक कंपनी में सिक्याेरिटी गार्ड के पद पर नौकरी लगवाने की बात कही। वह राजी हो गया। राशिद ने उससे 10 हजार रुपये नकद ले लिए। आरोपियों ने उसके दो बैंकों में खाते खुलवाए और कंपनी से सत्यापन कराने की बात कहकर एटीएम, पासबुक और चेकबुक ले लिए। विश्वास कर उसने बैंक के दस्तावेज भी दे दिए।
आरोप है कि 18 अक्तूबर को राशिद ने उसे एक फर्जी नियुक्ति पत्र को दे दिया। आरोप है कि उसके खातों से गैर कानूनी तरीके से लेनदेन करना शुरू कर दिया। बैंक की ओर से उसे गलत तरीके से लेनदेन की जानकारी दी गई। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।