पूरनपुर। प्रतिबंधित पशु की हत्या करने के तीन आरोपियों की मुठभेड़ में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मंगलवार को चालान कर दिया। अदालत ने मंगलवार को तीनों को जेल भेज दिया है।
गांव रघुनाथपुर के समीप बाग में प्रतिबंधित पशु की हत्या कर मांस के टुकड़े करने की आहट पर पहुंचे गांव के लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया था, जबकि उसके तीन साथी भाग गए थे। पकड़ा गया आरोपी पुलिस के हवाले किया गया, लेकिन आरोपी हेड कांस्टेबल से हाथ छुड़ाकर भाग गया। सोमवार शाम को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गांव रघुनाथपुर के प्रवीन, अशोक और मकरंदपुर गौंटिया निवासी भूरा को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन तमंचा, चार कारतूस, उपकरण और बाइक बरामद की थी। मुठभेड़ में तीनों आरोपियों के दाहिने पैर में पुलिस की गोली लगी थी। सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों आरोपियों को जिला अस्पताल ले जाया गया था। कोतवाल पवन कुमार पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों का मंगलवार को चालान कर दिया गया। बाद में अदालत ने तीनों को जेल भेज दिया। संवाद