पूरनपुर। इलाके को लेकर किन्नर से अभद्रता करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया। इसी क्रम में एक अन्य मामले में घर में घुसकर महिला पर जानलेवा हमले के आरोपी का भी चालान किया गया।
एक सप्ताह पहले किन्नरों में इलाके को लेकर विवाद हो गया था। पीलीभीत की दीपा किन्नर ने साथियों के साथ कोतवाली पहुंचकर मोबाइल पर गाली-गलौज कर अभद्रता करने वाले दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की थी। इस दौरान किन्नर बनकर घूमने वाले युवक को लेकर पीलीभीत के किन्नरों ने नाराजगी व्यक्त की थी।
कोतवाल सतेंद्र सिंह ने बताया कि जांच में किन्नर बनकर घूमने वाले मोहल्ला ढका निवासी कमरुद्दीन और मोहल्ला खानका निवासी किन्नरों के साथ ढोलक बजाने वाले बबलू का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा गांव सिरसा निवासी निर्मला देवी के घर में घुसकर सिर में डंडा मारकर घायल करने और बचाने आए उसके पति, पुत्र को पीटकर घायल करने के आरोपी रामसेवक को भी गिरफ्तार कर चालान किया गया है। नामजद दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।