पीलीभीत। चैत्र नवरात्र मंगलवार (आज) से शुरू हो रहे हैं। शहर के प्रमुख मंदिरों के साथ ही घरों में भी नवरात्र की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। मंदिरों के बाहर माता की चुनरी, प्रसाद, पूजा के सामान आदि की दुकानें भी सज गईं हैं। नवरात्र पर मंदिरों में भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिरों के बाहर मेले भी लग गए हैं।
नवरात्र को लेकर सोमवार की देर शाम तक श्रद्धालु तैयारी में जुटे रहे। मंगलवार को कलश स्थापना के बाद नौ दुर्गा की पूजा-अर्चना शुरू की जाएगी। शहर से लेकर दूर गांवों तक के दुर्गा मंदिर सजधज का तैयार हो गए। वहीं लोगों में पहले दिन व्रत और पूजा को लेकर बेहद उत्साह का माहौल रहा।
बाजारों में पूजा-अर्चना की सामग्री खरीदने के लिए शाम तक भीड़-भाड़ रही। शहर के यशवंतरी देवी मंदिर, दुर्गा माता मंदिर, मां मातेश्वरी मंदिर, शेरों वाली मठिया को सजाया गया है। नवरात्र में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूरे विधि-विधान से पूजा-पाठ की जाती है। इस दौरान लोग व्रत भी रखते हैं। मंगलवार को नवरात्र शुरू हो रहे हैं।
इन मुहूर्त में करें कलश स्थापना
पंडित राजेश बाजपेयी ने बताया कि चैत्र नवरात्र के पहले दिन मंगलवार को कलश स्थापना के लिए दो मुहूर्त शुभ हैं। श्रद्धालु सुबह 7:15 बजे से 10:30 बजे तक कलश स्थापित कर सकते हैं। इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:30 से एक बजे तक है। विधि-विधान से माता की पूजा-अर्चना व घट स्थापना करें।