संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। सनातन संस्कृति विकास समिति के की ओर से आयोजित 10 दिवसीय संस्कृत सम्भाषण कार्यशाला का प्रमाणपत्र वितरण समारोह के साथ मंगलवार को समापन हुआ।
ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से आयोजित इस कार्यशाला का आयोजन डीएवी कॉलेज, कानपुर के संस्कृत विभाग द्वारा किया गया था। समारोह में संस्था के सचिव डॉ. सवितुर प्रकाश गंगवार ने बरेली मंडल के प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गूगल मीट के जरिए जुड़े डीएवी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मनोज जौहरी और संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. विनोद कुमार पांडेय ने शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में उपाध्यक्ष डॉ. चंद्रमुखी ने स्वरचित गुरु वंदना प्रस्तुत की और मंच संचालन का दायित्व संभाला। कोषाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार ने प्रतिभागियों को शांत एवं चिंतामुक्त जीवन के लिए संस्कृत साहित्य पढ़ने हेतु प्रेरित किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में राम गोपाल गुप्ता ने संस्था के प्रयासों की सराहना की।
समारोह में रुचि गुप्ता, हिमांशी सक्सेना, शैलेंद्र कुमार, सिद्धार्थ मिश्रा, शिवा गंगवार और प्रियंका शर्मा आदि प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस दौरान डॉ. मिथिलेश गंगवार, हरिओम गंगवार और संरक्षक पूरन लाल आचार्य सहित काफी प्रमुख लोग मौजूद थे।