राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केके शर्मा ने कहा कि केंद्र व राज्य की सरकारों से देश व प्रदेश की जनता त्रस्त हो चुकी है। हर तरफ अपराधियों का बोलबाला है। किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं, जबकि जिम्मेदार सिर्फ अपनी जेबें भरने में डटे हैं। देश अब राष्ट्रवादी कांग्रेस की ओर सम्मानित भाव से निहार रही है।
रविवार को संगठन की समीक्षा कर संगठन को मजबूत करने के निर्देश देने के बाद शहर के एक होटल में पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। प्रदेश में रेप नहीं अब गैंगरेप हो रहे हैं। नेताओं के पास किसानों की समस्या सुनने का समय नहीं है। शिकायत करने थाने पहुंचने वाली पीड़िताओं के साथ पुलिस भी जमकर बदसलूकी कर रही है। ऐसे में प्रदेश की बहन बेटियों की सुरक्षा को लेकर प्रश्न खड़ा होना लाजिमी है। इसको लेकर जल्द ही पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। कहा कि उनकी पार्टी मार्च में लखनऊ में एक किसान रैली आयोजित करेगी। इसके बाद एक किसान जागरूकता रथ यात्रा भी निकाली जाएगी। जो झांसी से लेकर यूपी के प्रत्येक ब्लाक में तीन दिवसीय भ्रमण करने के बाद दिल्ली पहुंचेगी और प्रधानमंत्री आवास के समक्ष धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इससे पूर्व उन्होंने संगठन की समीक्षा की और पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए। इस मौके पर हरीश गंगवार, कुलदीप शुक्ला, मनोज गुप्ता, ईश्वरी प्रसाद, हीरालाल, चैतन्य राजपूत, हरीराम वर्मा, तुलाराम वर्मा आदि मौजूद रहे।