बिलसंडा। थाना क्षेत्र के बमरोली तिराहे स्थित एक मैरिज लॉन में बुधवार रात शादी समारोह में द्वारचार के दौरान हर्ष फायरिंग के लिए बंदूक में कारतूस भरते समय अचानक गोली चल गई। गोली दूल्हे के चाचा के पैर में लग गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपी युवक मौके से भाग गया। घायल को उपचार के लिए भेजा गया। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिलसंडा नगर से सटे गांव घनश्यामपुर निवासी राजीव राठौर की पुत्री खुशी का विवाह शाहजहांपुर जनपद के खुटार थाना क्षेत्र के गांव सरेली निवासी प्रांशु के साथ तय हुआ था। बुधवार रात बरात खुटार से बिलसंडा के बमरोली तिराहे स्थित एक मैरिज लॉन में पहुंची। दुल्हन पक्ष ने बरातियों का स्वागत-सत्कार किया। भोजन के बाद बराती नाचते-गाते हुए द्वारचार की रस्म के लिए बरातघर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, द्वारचार के दौरान हर्ष फायरिंग के लिए एक युवक बंदूक में कारतूस लोड कर रहा था। इसी दौरान गोली चल गई। गोली दूल्हे के चाचा रंजीत राठौर निवासी घनश्यामपुर के बाएं पैर में जा लगी। लड़की पक्ष के किसी व्यक्ति के हाथ में थमी बंदूक से गोली चलने की बात कही जा रही है। घायल को शाहजहांपुर के बाद बरेली के निजी अस्पताल में लेकर भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बरातियों से पूछताछ की। पुलिस ने मैरिज लॉन में लगे सीसी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। संवाद
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी युवक शाहजहांपुर का बताया जा रहा है। घटना के बाद से वह गायब है। अभी इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- राहुल पांडेय, सीओ बीसलपुर