- एक सप्ताह में बिजली व्यवस्था ठीक कराने के दिए निर्देश
- ग्रामीणों से की शौचालयों का उपयोग करने की अपील
सीडीओ इंद्रदेव द्विवेदी ने समग्र गांव दयालपुर में विकास कार्यों का निरीक्षण किया और चौपाल लगाकर जनसुनवाई की।
पूरनपुर ब्लाक के समग्र गांव दयालपुर का मंगलवार को डीएम मासूम अली सरवर को निरीक्षण करना था। इसके लिए गांव में व्यवस्थाएं की गई थीं, लेकिन डीएम के न पहुंचने पर सीडीओ इंद्रदेव द्विवेदी ने गांव का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने गांव में घूमकर इंदिरा आवास, लोहिया आवास, सीसी रोड व शौचालयों की स्थिति देखी। एक इंदिरा आवास पर लिंटर के स्थान टिनशेड पड़ा होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और तीन में लिंटर डालने के निर्देश दिए। गांव में कुल 12 लोहिया आवास बने पाए गए, लेकिन इनमें सोलर लाइटें न लगी होने पर उन्होंने जल्द सोलर लाइट लगवाने के निर्देश बीडीओ को दिए। गांव में निरीक्षण के बाद उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय में चौपाल लगाकर जनता की समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों का सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने विधवा, वृद्धा एवं समाजवादी पेंशन के लाभार्थियों से धनराशि खाते में पहुंचने की जानकारी ली। इससे पूर्व अधिकारियों ने अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। यहां एसडीएम ज्ञानेंद्र सिंह, बीडीओ सतीश पांडेय, डीडीओ एके सिंह चंद्रौल, डीसी मनरेगा डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, कृषि उपनिदेशक एके सिंह, एआर कोआपरेटिव पीके भटनागर सहित कई अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।