पीलीभीत। सीबीएसई परीक्षा के सातवें दिन 10वीं के परीक्षार्थियों ने हिंदी का पेपर दिया। इसमें 11 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। पेपर सुबह साढ़े 10 बजे से शुरू होकर 1.30 बजे तक चला। हिंदी का पेपर कठिन आने से इंग्लिश मीडियम के परीक्षार्थियों को दिक्कत आई।
शनिवार को सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा पांच परीक्षा केंद्रों पर हुई। पांचों केंद्रों पर हिंदी के पेपर में 1704 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। सेंट अलॉयसियस कॉलेज में 505 में सभी परीक्षार्थी उपस्थित रहे। लायंस बाल विद्या मंदिर स्कूल में 414 परीक्षार्थियों में से एक, सेंट जोसेफ स्कूल में 426 में से सात, स्वामी एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में 230 में से दो और कैम स्कॉलर (बीसलपुर) में 129 में से एक परीक्षार्थी नहीं पहुंचा। सेंटरों पर पर्यवेक्षक परीक्षा की निगरानी करते रहे। परीक्षा के बाद बाहर आए परीक्षार्थियों ने बताया कि हिंदी का पेपर कठिन था। बहुत से प्रश्न उनकी समझ में नहीं आए। कुछ प्रश्न कठिन थे, कुछ कभी पढ़े ही नहीं थे। फिलहाल किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल नहीं पकड़ी गई। सिटी कोऑर्डिनेटर अल्पना कोहली ने बताया कि पांच केंद्रों पर परीक्षा कराई गई, जो शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। दो मार्च को 12वीं का फिजिक्स का पेपर होगा ।