ट्राली में भरे गए संरक्षित पशु। संवाद
पूरनपुर। न्यूरिया थाना क्षेत्र से छह ट्रॉलियों में भूसे की तरह भरकर लाए गए करीब 150 संरक्षित पशुओं को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने असम हाईवे पर पकड़ लिया। ट्रॉलियों में लदे पशुओं में से तीन की मौत हो चुकी थी, जबकि 17 गंभीर रूप से घायल थे।
राष्ट्रीय बजरंग दल के गोसेवा प्रमुख शिवम भदौरिया ने बताया कि शुक्रवार रात 12:30 बजे छह ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में संरक्षित पशुओं को लाए जाने की सूचना मिली। टीम के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को असम हाईवे पर कढेरचौरा के समीप रोक लिया गया। हर ट्रॉली में करीब 25 संरक्षित पशुओं को भूसे की तरह भरा गया था। सभी पशुओं को ट्रॉलियों से उतरवाया गया। इनमें 12 के सींग टूटे मिले, जबकि पांच के पैर टूट गए थे। तीन पशुओं की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि न्यूरिया थाना क्षेत्र के कुछ लोग संरक्षित पशुओं को गांव कजरी निरंजनपुर स्थित गोशाला में छोड़ने ले गए थे, लेकिन वहां उन्हें नहीं रखा गया। इस पर पशुओं को वापस न्यूरिया ले जा रहे थे। उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।