पीलीभीत। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के नौगवां पकड़िया गांव में विवाहिता ने पति समेत ससुराल के चार लोगों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौगवां पकड़िया निवासी बबली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2024 में गांव के ही बबलू के साथ हुई थी। आरोप है कि उसका पति शराब पीने का आदी है और आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। महिला का आरोप है कि ससुर रामलखन, सास अनीता और जेठ सर्वेश भी उसके पति को शराब पिलाकर उसके खिलाफ भड़काते हैं। बबली के मुताबिक पांच अक्तूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे ससुराल वालों के बहकाने पर उसके पति ने गालीगलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। मारपीट में वह घायल हो गई। आरोप है कि पति उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया। पीड़िता की तहरीर पर सुनगढ़ी पुलिस ने पति बबलू, ससुर रामलखन, सास अनीता और जेठ सर्वेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि थाना पुलिस को विवेचना में सामने आने वाले तथ्य और साक्ष्योंं के आधार पर आगे की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद