संवाद न्यूज एजेंसी
जहानाबाद। जनसुनवाई पोर्टल पर की गई शिकायत का निस्तारण करने के बहाने एक अधिवक्ता को थाने बुलाकर हवालात में बंद करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के मामले में कानूनी कार्रवाई की गई। अधिवक्ता की याचिका पर सीजेएम मंगलदेव सिंह के आदेश के बाद जहानाबाद कोतवाली के इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला सादात निवासी रामानुज सैनी इलाहाबाद उच्च न्यायालय में करीब छह वर्षों से वकालत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई पोर्टल पर एक शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिकायत के निस्तारण के बहाने 27 अगस्त 2026 को दोपहर करीब दो बजे जहानाबाद कोतवाली से सिपाही मनोज कुमार ने फोन कर उन्हें पूछताछ के लिए थाने बुलाया। वह शाम करीब छह बजे कोतवाली पहुंचे तो प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की।
अधिवक्ता का आरोप है कि इसी दौरान मुख्य आरक्षी (मुंशी) मोहम्मद इरफान ने उनके जूते, चप्पल, बटुआ और मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया। काफी मिन्नतें करने के बाद उन्हें अपने साथी अधिवक्ता को फोन करने दिया गया। आरोप है कि फोन करने के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने धक्का देकर उन्हें हवालात में बंद कर दिया। उन्हें बिना किसी कानूनी कारण के एक घंटा 17 मिनट तक हवालात में रखा गया। अधिवक्ता के अनुसार, सूचना मिलने पर उनके साथी अधिवक्ता आमिर खान कोतवाली पहुंचे और मोबाइल वापस मांगा तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें भी धमकाया। झूठे मुकदमे में फंसाकर भविष्य खराब करने की चेतावनी दी गई। इसके बाद दबाव बनाकर एक पत्र लिखवाया गया और उन्हें छोड़ दिया गया।
मामले में अधिवक्ता ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह, आरक्षी मनोज कुमार और मुख्य आरक्षी मोहम्मद इरफान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना कराई जा रही है।