मंगलवार की रात थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में दो पक्षों में हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। डेयरी पर कब्जे के विवाद में मंगलवार की रात मोहल्ला इनायतगंज में दो पक्षों में मारपीट हुई थी। पुलिस ने मामले में 11 लोगों को नामजद करते हुए दो अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया है।
जिला गोरखपुर के थाना साखदाड़-खजैनी निवासी सरोज कुमार पांडेय ने बताया कि उनके पिता रामशंकर शहर में सुनगढ़ी थाने के मोहल्ला इनायतगंज में डेयरी का संचालन करते थे। पिता की मौत के बाद वह, उनका भाई अजय पांडेय, मनोज पांडेय, पुनीता पांडेय, रमा पांडेय और मीरा डेयरी व्यवसाय करने लगे।
मंगलवार की शाम करीब 6:30 बजे प्रिंस कश्यप, उसकी बहन कल्पना, ऊषा, किरन, आशा और इनके दोस्त सोनू सरदार, चंदन, चेतन, प्रतीक, रिंकू, रामबेटी धारदार हथियार लेकर उनकी डेयरी में घुस आए। हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
विवाद में उनके पक्ष के सात लोग घायल हुए। घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। सूरज पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने घर में घुसकर जान से मारने की नीयत, बलवा व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर संजीव शुक्ला ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश हो रही है।