हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटे ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णागिरि से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सोमवार सुबह घुंघचाई-बंडा हाईवे पर गुलरिया भूपसिंह के प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर तालाब की पुलिया से टकराकर पलट गई। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य महिला की मौत बंडा सीएचसी से लखनऊ ले जाते समय हुई। हादसे में बालिका समेत चार श्रद्धालु घायल हुए हैं। मृतक महिलाएं सगी बहनें थीं।
शाहजहांपुर जिले के थाना पुवायां के गांव पुरैना निवासी अमित वर्मा (28) रविवार शाम करीब चार बजे घर से कार से अपनी मां ऊषा देवी (50), पत्नी नीतू (26), पांच वर्षीय पुत्री अनिका और अपनी मौसी जनपद हरदोई के थाना माधोगंज के गांव सैलापुर निवासी सुमन (49) और उनके पुत्र राजन (29) के साथ पूर्णागिरि माता के दर्शनों के लिए निकले थे। रात में दर्शन करने के बाद सभी श्रद्धालु कार घर लौट रहे थे।
यह भी पढ़ें- UP News: इस जिले में 15 साल की मियाद पूरी कर चुके 92 हजार वाहनों के पंजीकरण निलंबित, नोटिस जारी
सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घुंघचाई-बंडा हाईवे पर गांव गुलड़िया भूपसिंह के प्राथमिक विद्यालय के पास कार चालक राजन को झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब की पुलिया से टकराकर पलट गई। हादसे में ऊषा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे का पता चला तो लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों को बमुश्किल बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। घुंघचाई पुलिस ने ऊषा देवी का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।