रेलवे स्टेशन रोड पर विशाल टाकीज के पास खड़ी कार में सोमवार शाम चार बजे अचानक आग लग गई। हादसे में कार चालक का चेहरा व हाथ झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को सुरक्षित कार से बाहर निकालकर आग पर काबू किया। मौके पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया है। हादसे के चलते मेन बाजार से सटे इलाके में हड़कंप मचा रहा।
हापुड़ के रहने वाले एजाज अहमद ने बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। सोमवार को अपने निजी कार्य के चलते कार से वह पीलीभीत आए थे। शाम करीब चार बजे वह गर्म कपड़ों की खरीदारी करने के लिए बाजार चले गए। उनकी कार विशाल टाकीज के पास खड़ी थी, जिसमें उनका चालक सलीमुद्दीन (35) बैठा हुआ था। इस बीच अचानक जोर से आवाज आई और कार के अगले हिस्से से तेज धुआं उठने लगे। चालक कुछ समझ पाता इससे पहले उसका चेहरा और हाथ झुलस गए। कार से उठता धुआं देख मौके पर मौजूद लोग व आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पानी डालकर आग बुझाई।
हादसे की सूचना मिलने पर एसएचओ सुनगढ़ी मुहम्मद कासिम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे की जानकारी कर घायल सलीमुद्दीन को जिला अस्पताल भर्ती कराया। यहां कुछ ही देर में कार मालिक भी आ गए। कार मालिक एजाज अहमद ने बताया कि कार में गैसकिट लगी है। हादसा वायरिंग में शार्ट सर्किट होने से हुआ है या चालक खुद कार में बैठकर सिगरेट पी रहा था, या फिर कोई और ध्रूमपान करता पास से गुजरा। इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। जिला अस्पताल के चिकित्सक निशिकांत गुप्ता ने बताया कि युवक करीब पांच से छह प्रतिशत झुलसा है।